बैठक में सबसे पहला सवाल लगभग हमेशा यही होता है — “मेरा नंबर क्या है?” और लगभग हमेशा उसके पीछे दो अलग-अलग चीज़ें छिपी होती हैं, जिन्हें लोग एक ही समझ लेते हैं। एक है मूलांक, दूसरा भाग्यांक। दोनों उसी एक जन्म तारीख़ से निकलते हैं, पर दोनों अलग सवाल का जवाब देते हैं।
मूलांक — जिसे अंग्रेज़ी में Driver या Psychic Number कहते हैं — सिर्फ़ आपकी जन्म तारीख़ से बनता है। महीना और साल इसमें आते ही नहीं। तारीख़ के अंक जोड़ते जाइए जब तक एक अंक न बचे।
मूलांक वो हिस्सा है जो आपके क़रीबी लोग जानते हैं। आपका स्वभाव, आपकी पहली प्रतिक्रिया, दबाव में आप क्या करते हैं, आपको किस तरह का काम थकाता नहीं है। ये बदलता नहीं — पूरी ज़िंदगी वही रहता है।
भाग्यांक — Conductor या Destiny Number — पूरी जन्म तारीख़ से बनता है। दिन, महीना और साल, तीनों के सारे अंक जोड़िए, फिर एक अंक तक ले आइए। यही वो जगह है जहाँ ज़्यादातर लोग हिसाब में चूक जाते हैं, क्योंकि साल छोड़ देना बहुत आसान है।
भाग्यांक वो हिस्सा है जो दुनिया देखती है। आप किस रास्ते पर बार-बार लौट आते हैं, आपके सामने कैसे मौक़े आते हैं, किस तरह के लोग आपकी ज़िंदगी में टिकते हैं। मूलांक बताता है आप क्या हैं; भाग्यांक बताता है आपसे क्या करवाया जाता रहेगा।
अपने दोनों अंक अभी निकालिए मुफ़्त कैलकुलेटर · कुछ भरना नहीं पड़ता · कोई नंबर नहीं माँगा जाताअसली काम यहीं से शुरू होता है। अगर मूलांक और भाग्यांक एक-दूसरे के मित्र अंक हैं, तो आदमी वही करता है जो उसे सूट करता है — रास्ता सीधा लगता है। और अगर दोनों शत्रु अंक हैं, तो एक अजीब सी थकान रहती है: काम बन जाता है, पर हमेशा ज़ोर लगाकर। मन कुछ और चाहता है, ज़िंदगी कुछ और करा रही होती है।
ये कोई श्राप नहीं है और न ही इसे “ठीक” करने की ज़रूरत होती है। ये सिर्फ़ एक जानकारी है — कि आपको किस तरफ़ थोड़ा सचेत रहना पड़ेगा। मैं जिन लोगों से मिला हूँ, उनमें से बहुत सारों की उलझन इतनी सी थी कि उन्हें ये फ़र्क़ किसी ने बताया ही नहीं था।
सबसे आम ग़लती। सिर्फ़ दिन और महीना जोड़कर जो निकलता है वो भाग्यांक नहीं है। साल के चारों अंक गिनने पड़ते हैं। एक अंक की चूक पूरी पढ़ाई बदल देती है।
अंक ज्योतिष में वही तारीख़ चलती है जो जन्म प्रमाणपत्र पर अंग्रेज़ी कैलेंडर में लिखी है। तिथि, पंचांग या “घर में जो दिन मनाते हैं” वो नहीं। और अगर रात 12 बजे के आसपास जन्म हुआ है तो कौन सा दिन गिना जाए — ये सवाल पूछना ज़रूरी है, अंदाज़ा लगाना नहीं।
इंटरनेट पर “मूलांक 5 वाले ऐसे होते हैं” जैसी सूचियाँ भरी पड़ी हैं। एक अंक एक इशारा है, पूरी तस्वीर नहीं। तस्वीर तब बनती है जब मूलांक, भाग्यांक, नाम का अंक, लो-शू ग्रिड में क्या गायब है और कुंडली — ये सब एक साथ देखे जाएँ। अकेला अंक उतना ही अधूरा है जितना अकेली राशि।
जन्म तारीख़ बदली नहीं जा सकती, इसलिए बहुत से लोग नाम बदलने चल पड़ते हैं। मैं साफ़ कह देता हूँ: ज़्यादातर नामों में कुछ बदलने की ज़रूरत ही नहीं होती। नाम का अंक कालडियन पद्धति से निकलता है, जिसमें अक्षर का मान उसकी आवाज़ से तय होता है और 9 किसी अक्षर को नहीं दिया जाता। जिस नाम से आपको लोग रोज़ बुलाते हैं, उसका असर उस स्पेलिंग से ज़्यादा है जो कागज़ पर लिखी है। एक अक्षर जोड़ देने से ज़िंदगी नहीं पलटती।
मूलांक और भाग्यांक आपको तारीख़ नहीं देंगे — न शादी की, न नौकरी की, न किसी और चीज़ की। ये ये भी नहीं बताएँगे कि कोई फ़ैसला “सही” है या “ग़लत”। जो ये देते हैं वो है एक ढाँचा: आपका स्वभाव किस तरफ़ खिंचता है, आपकी ज़िंदगी बार-बार किस तरफ़ मोड़ती है, और उन दोनों के बीच कहाँ रगड़ है। बाक़ी फ़ैसला आपका है, और रहना भी चाहिए।
और एक बात — गणित छिपाने लायक़ चीज़ नहीं है। इसीलिए वेबसाइट पर सारे कैलकुलेटर मुफ़्त हैं। मेहनत गणना में नहीं, उसकी व्याख्या में लगती है: कौन सा साल किस काम का है, पैसा कहाँ अटकता है, कौन सा उपाय आप पर लागू होता है। वो फ़ॉर्च्यून रिपोर्ट में आता है।